खानपुर-दल्लावाला मार्ग पर ट्र्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसके नीचे दबकर चालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क में हुए गड्ढों के कारण ट्र्रैक्टर-ट्रॉली पलटी है। घटना को लेकर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार को सिकंदपुर गांव निवासी बिट्टू पुत्र महानंद लक्सर क्षेत्र की एक कंपनी से ट्र्रैक्टर-ट्रॉली में सीमेंट लादकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा थे। अभी वह दल्लावाला गांव के पास पहुंचे थे कि पुलिया से पहले सड़क में बने गड्ढे में ट्रॉली का पहिया गिर गया और ट्र्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं, चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। हादसा देख राहगीर और दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। खानपुर थाने के उपनिरीक्षक संतराम ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सिकंदरपुर के ग्राम प्रधान राजकुमार ने बताया कि मृतक के दो बच्चे हैं। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कई बार कर चुके हैं सड़क निर्माण की मांग
लगभग दस किमी लंबा खानपुर-दल्लावाला मार्ग पिछले तीन वर्षों से खस्ताहाल है। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मौखिक और लिखित में कई बार विभाग और शासन प्रशासन को मार्ग दुरुस्त करवाने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने कोई सुध नहीं ली है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग में काफी गहरे गड्ढे हैं, जो आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं।
खानपुर-दल्लावाला मार्ग की सेंट्रल रोड फंड सेंक्शन हो चुकी है। डीपीआर भी तैयार है। जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी
-महिपाल सिंह रावत, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, लक्सर