हाईवे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने रविवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्लीपर बसों समेत 70 वाहनों के चालान किए गए।
कार्रवाई में 12 भारी वाहन और 8 से अधिक टैक्सी-मैक्सी वाहन भी शामिल रहे। अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और जरूरी दस्तावेजों में खामियां मिलने पर वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद्र पलड़िया के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने रविवार शाम हरिद्वार हाईवे, मंगलौर और भगवानपुर समेत विभिन्न मार्गों पर चेकिंग की। टीम ने स्लीपर बसों में सीटों के सापेक्ष यात्रियों की संख्या की जांच की।
इसके अलावा वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, टैक्स और अन्य जरूरी दस्तावेज भी चेक किए गए। जांच में कई बसें निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली जिस पर उनके चालान किए गए। अन्य भारी वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। चेकिंग अभियान में परिवहन कर अधिकारी हरीश रावल, नवीन चंद्र तिवारी, सोनू कटारिया विकास, वारिस और रवि शामिल रहे।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए अभियान
अचानक हुई चेकिंग से वाहन चालकों में खलबली मची रही। एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद्र पलड़िया ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अभियान चलाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि हाईवे पर चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।