होली में अगर आपको लंबी दूरी की यात्रा करनी है तो ट्रेनों के भरोसे न रहिए। कारण कि अधिकांश ट्रेनें हाउस फुल हो चुकी हैं। जिन ट्रेनों में टिकट मिल भी रहे हैं उनमें चार सौ से ऊपर की वेटिंग चल रही है। रेल अधिकारियों के अनुसार फिलहाल होली के लिए रुड़की में किसी नई ट्रेन की भी संभावना नहीं है।
फिरोजपुर से रुड़की होकर धनबाद जाने वाली गंगा सतलुज एक्सप्रेस में अब होली तक टिकट उपलब्ध नहीं है। वहीं अमृतसर से रुड़की होकर हावड़ा जाने वाली मेल में भी नो रूम की स्थिति है। इसके अलावा अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस, जम्मूतवी से रुड़की होकर गोहाटी और भागलपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में भी अब आरक्षण टिकट उपलब्ध नहीं है। वहीं चंडीगढ़ लखनऊ सुपरफास्ट में लगभग चार सौ की वेटिंग चल रही है। अमृतसर-टाटानगर-जलियावाला बाग, अंबाला से बरौली जाने वाली हरिहर एक्सप्रेस में भी चार सौ से अधिक की वेटिंग चल रही है। यही नहीं दून से दिल्ली जाने वाली जनशताब्दी और शताब्दी एक्सप्रेस में भी होली तक आरक्षण उपलब्ध नहीं है। ऐसे में रेलयात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर आरक्षण के लिए पहुंच रहे यात्री बैरंग लौट रहे हैं। इस संबंध में रुड़की रेलवे स्टेशन के आरक्षण पर्यवेक्षक सुधीर शर्मा का कहना है कि होली के कारण ट्रेनों में जगह उपलब्ध नहीं है। फिलहाल त्योहार के मद्देनजर कोई स्पेशल ट्रेन भी रुड़की होकर संचालित नहीं की गई है।