त्योहार और शादी सीजन शुरू होते ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। रुड़की रेलवे स्टेशन से पूर्वांचल, बिहार, लखनऊ और हावड़ा की ओर जाने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। कई ट्रेनों में वेटिंग 75 के पार पहुंच गई है। ऐसे में यात्रियों को अगले एक महीने तक कंफर्म टिकट के लिए जद्दोजहद करनी पड़ सकती है। आने वाले दिनों में ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बनने की भी आशंका है।
रुड़की और भगवानपुर में औद्योगिक इकाइयां होने पर यहां पूर्वांचल के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। छठ पूजा भी यहां बड़े स्तर पर मनाई जा रही है। यहां से अपने घरों की ओर जाने वाले पूर्वांचल के लोगों की एक बड़ी संख्या टिकट बुक करने की जुगत में है। अब कोलकाता एक्सप्रेस में हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, वाराणसी, गया, धनबाद और कोलकाता जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है।
वहीं हिमगिरी एक्सप्रेस में बक्सर, पटना, हावड़ा और जौनपुर रूट पर सीटों की मारामारी है। चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस में बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई जाने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।अमृतसर-हावड़ा मेल और योगा एक्सप्रेस में भी कई स्टेशनों के लिए वेटिंग बढ़ गई है।
हवाई जहाज और निजी वाहनों के विकल्प तलाश रहे यात्री
ट्रेनों में सीट नहीं मिलने के कारण यात्री अब हवाई जहाज, टैक्सी और निजी वाहनों से सफर करने के विकल्प तलाश रहे हैं। मुख्य टिकट पर्यवेक्षक राजू ने बताया कि त्योहार और शादी सीजन शुरू होने के साथ ही लोगों ने घर जाने की तैयारी शुरू कर दी है। ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है और आने वाले दिनों में नो रूम की स्थिति बन सकती है। रेलवे स्टेशन पर टिकट कराने पहुंचे कमल अरोड़ा, देविका जोशी, सृष्टि सेमवाल, खालिद और नावेद ने बताया कि पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। इससे घर जाने की योजना बनाने वाले यात्रियों की चिंता बढ़ गई है।