जन्माष्टमी के जुलूस की तैयारी के दौरान स्कूटी की टक्कर लगने से हुए विवाद के बाद कस्बे में तनाव की स्थिति है। मारपीट के आरोप में हिरासत में लिए गए तीन युवकों को छोड़ने से नाराज व्यापारियों ने रविवार को बाजार बंद कर दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यापारी थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। व्यापारियों की नाराजगी देख पुलिस के हाथ पांव फूल गए। सूचना मिलते ही सीओ मंगलौर तत्काल थाने पहुंचे और व्यापारियों से वार्ता की। पुलिस ने तीनों युवकों को पकड़कर थाने ले आई तब जाकर व्यापारी शांत हुए। सीओ ने आश्वासन दिया है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
शनिवार शाम कस्बे में जन्माष्टमी के जुलूस की तैयारी चल रही थी। तभी एक युवक स्कूटी लेकर पहुंचा और भीड़ में शामिल विराट गोयल को टक्कर मार दी। इसके बाद विवाद हो गया और स्कूटी सवार ने अपने साथियों को बुलाकर मारपीट कर दी। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण तनाव की स्थिति बन गई थी। रात में ही विराट की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी। पुलिस ने तनाव की स्थिति देखते हुए देर रात सैफ अली, शादाब, सुहेब और शाकिर निवासी शाहपुर, भगवानपुर समेत 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। साथ ही रात में ही शक के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लिया था। रविवार सुबह तीनों युवकों को छोड़ने की भनक लगी तो व्यापारियों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिराकर बाजार बंद कर दिया और एकत्र होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
साथ ही पुलिस पर दबाव में तीनों युवकों को छोड़ने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इसके बाद एकत्रित होकर थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जमकर हंगामा किया। साथ ही थाने में ही धरने पर बैठ गए। व्यापारियों के तल्ख तेवर देख पुलिस के हाथ पांव फूल गए। सूचना मिलते ही सीओ मंगलौर डीएस रावत थाने पहुंचे और व्यापारियों से वार्ता की। इस बीच पुलिस मारपीट में शामिल सैफ अली, शादाब और सुहेब को गिरफ्तार कर थाने ले आई। तब जाकर व्यापारियों का गुस्सा शांत हुआ। सीओ ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन किसी निर्दोष पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। इस दौरान सीओ से मिलने वालों में भाजपा नेता सुबोध राकेश समेत व्यापारी संजय बंसल, सुनील बंसल, नरेश धीमान, मनोज कपिल, रजत, बंटी, राजेश, वैभव, चंदन मौजूद रहे।
वीडियोग्राफी की जांच कर रही पुलिस
जुलूस की तैयारी के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो बनाया था। वीडियो पुलिस को भी उपलब्ध कराया गया। पुलिस वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वीडियो के आधार पर पुलिस गिरफ्तारी कर कार्रवाई करेगी। वहीं, गिरफ्तारी से बचने के लिए मारपीट करने वाले कई लोग भूमिगत हो गए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
विधायक के खिलाफ भी फूटा गुस्सा
कस्बे के व्यापारियों ने भगवानपुर विधायक ममता राकेश के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि विधायक के दबाव में ही पुलिस ने रात में तीनों युवकों को छोड़ा था। व्यापारियों ने विधायक पर जमकर गुस्सा निकाला और आरोपियों का पक्ष लेने का आरोप लगाया। उधर, विधायक ममता राकेश का कहना है कि जिन युवकों को हिरासत में लिया था, वह पूरी तरह निर्दोष थे। लिहाजा उन्हें पुलिस से छोड़ने के लिए कहा था। जो आरोपी हैं, पुलिस उनकी ही गिरफ्तारी करे। निर्दोष पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
कस्बे में पीएसी तैनात
मारपीट की घटना के बाद कस्बे में तनाव की स्थिति है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण विवाद तूल न पकड़े, इसे लेकर पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात की गई है। साथ ही माहौल खराब करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। खुफिया विभाग भी लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। सीओ डीएस रावत ने बताया कि माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अगर कोई माहौल खराब करता है तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।