खनन सामग्री से लदी सुल्तानपुर अड्डे पर खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्राली बिना चालक के अचानक चल पड़ी और सामने ढाबे में घुस गई। गनीमत रही कि उस दौरान ट्रैक्टर ट्राली और ढाबे में कोई मौजूद नहीं था। बड़ा हादसा टलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक शुक्रवार रात खनन सामग्री लेकर भोगपुर स्टोन क्रशर से लक्सर की ओर आ रहा था। जैसे ही वह सुल्तानपुर पहुुंचा तो उसने ट्रैक्टर-ट्राली अली चौक पर सड़क किनारे खड़ी कर दी और स्वयं पास की दुकान में जाकर चाय पीने लग गया। उसी दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक चल पड़ी। बताया जा रहा है कि गियर में होने के कारण ट्रैक्टर ट्राली सामने एक ढाबे में घुस गई। गनीमत रही कि उस समय ढाबे में कोई मौजूद नहीं था।
अचानक ट्रैक्टर चलने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। बिना चालक ट्रैक्टर चलने से सभी मौके की ओर दौड़ पड़े। चालक ने जैसे तैसे ट्रैक्टर पर काबू पाया। लेकिन ढाबे और ट्रैक्टर-ट्राली को काफी नुकसान हुआ है।
जानकारों का मानना है कि यदि कोई ट्रैक्टर ट्राली गियर में होती है और उसे ढलान पर खड़ा कर दिया जाए तो वह थोड़ी गति लेते ही स्वयं स्टार्ट हो जाती है। मामले में शनिवार सुबह ट्रैक्टर चालक और ढाबे स्वामी के बीच समझौता हो गया है। उसके बाद ट्रैक्टर चालक ने जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को ढाबे से बाहर निकलवाया।