कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ मिलकर दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टरों के साथ रैली निकाली। रैली कस्बे से मंगलौर कोतवाली तक निकाली जानी थी, लेकिन पुलिस ने नारसन खुर्द गांव के पास ही सभी को रोक लिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने सीओ मंगलौर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
रविवार को निकाली गई ट्रैक्टर रैली में वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। जबरदस्ती कृषि कानूनों को थोपा जा रहा है, जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार इन कानूनों को लागू कर किसानों की आमदनी छीन रही है। उन्होंने सीओ अभय सिंह को ज्ञापन सौंपकर गन्ने का मूल्य जल्द घोषित करने, बकाया गन्ना भुगतान जल्द कराने और तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की। मौके पर चौधरी आदित्य राणा, राजपाल सिंह, सुधीर, मरगूब कुरैशी, नईम कुरैशी, गोपाल, आदित्य ,पप्पू, राव, बंटू, जगपाल, बब्बू, दीपक, विनोद, जसविंदर, समरपाल, रजत प्रधान मौजूद थे।