रविवार देर शाम हुआ हादसा, ट्रैक्टर चालक मौके से हुआ फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
लक्सर। साइकिल से घर जा रहे मजदूर को मुंडाखेड़ा कलां के पास ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा कलां गांव निवासी फकीर चंद (42) मजदूरी करते थे। रविवार की देर शाम वह निरंजनपुर गांव से मजदूरी कर साइकिल से घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह मुंडाखेड़ा कलां के पास पहुंचे तो ट्रैक्टर ने साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होता देख राहगीर मौके पर पहुंचे तो तब तक फकीर चंद की मौत हो चुकी थी।
वहीं, ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना की जानकारी परिजनों को दी। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।