लक्सर। पहले चरण के लिए होने वाले मतदान से पहले शनिवार की शाम चुनावी शोर थम जाएगा। इसके बाद रविवार को प्रत्याशी डोर-टू-डोर प्रचार कर सकेंगे और फिर सोमवार को प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद होगी, जो पांच जनवरी को मतगणना के दिन खुलेगी। वहीं शुक्रवार को निर्वाचन अधिकारी मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
जनपद हरिद्वार में तीन चरणों में हो रहे चुनाव में लक्सर और खानपुर में करीब डेढ़ लाख मतदाता 21 दिसंबर को जिला पंचायत की नौ सीटों सहित ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और बीडीसी उम्मीदवारों की जीत-हार तय करेंगे। इससे पहले पिछले 11 दिसंबर से चल रहे चुनाव प्रचार का समय भी शनिवार की शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। रविवार को प्रत्याशी चुनाव प्रचार तो कर सकेंगे, लेकिन चुनावी शोर नहीं कर सकेंगे। केवल रविवार को प्रत्याशी घर-घर जाकर अंतिम बार मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट डालने के लिए प्रेरित कर सकेंगे। रविवार के बाद सोमवार को तमाम प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटियों में बंद हो जाएगी। वहीं सोमवार को होने वाले मतदान के लिए चुनाव आयोग एवं पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां कर ली हैं। चुनाव अधिकारी मोहित चौधरी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं करने के अलावा मतदान कर्मियों की नियुक्ति कर दी गई है। पोलिंग पार्टियों को आईपी इंटर कालेज से रविवार को मतदान केंद्रों की ओर रवाना कर दिया जाएगा। पुलिस विभाग ने भी शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए कमर कस ली है।