नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत शनिवार को मैथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज रुड़की में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पायल अग्रवाल के नेतृत्व में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में टीना ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे सिंह और प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव की देखरेख में हुआ। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टरों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवनशैली के महत्व और नशामुक्त समाज के निर्माण का बेहतर संदेश दिया।
छात्राओं ने युवाओं से नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया। प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मंडल ने सभी पोस्टरों का मूल्यांकन कर उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन किया। इसमें टीना ने प्रथम, सिमरन सजवान ने द्वितीय और खुशी चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मान्या गोस्वामी को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्राओं को नशा मुक्त भारत का संकल्प दिलाया गया और समाज में नशा उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।