भोगपुर गांव के पास शनिवार दोपहर ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में मौके पर मौजूद लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
रुड़की निवासी गौरव और भोगपुर गांव निवासी विशाल शनिवार दोपहर अलग-अलग बाइक से शाहपुर से भोगपुर की ओर जा रहे थे। भोगपुर गांव के पास पहुंचने पर एक बाइक सवार दूसरी बाइक को ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में गौरव और विशाल घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने दोनों को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद दोनों की हालत सामान्य बताई गई। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों बाइक सवारों के बीच आपसी समझौता करा दिया।