लक्सर। टिकट बुकिंग, ट्रेनों और सीटों की उपलब्धता से संबंधित जानकारी से लेकर यात्रा के दौरान भोजन मंगवाने जैसी कई सुविधाएं अब एक क्लिक में मिलेगी। रेलवे ने इसके लिए नया रेल वन ऐप लांच किया है। इस ऐप के इस्तेमाल से यात्रियों को अलग-अलग ऐप और वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि यात्रियों को टिकट बुकिंग और यात्रा के दौरान खाना ऑर्डर करने सहित दूसरी कई सुविधाएं एक ही प्लेटफाॅर्म पर उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने नया रेल वन ऐप लांच किया है। सीनियर डीसीएम ने बताया कि रेल वन ऐप में सिंगल साइन ऑन की सुविधा दी गई है। इससे यात्रियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग - अलग पासवर्ड याद रखने की जरूरत नहीं होगी। ऐप का इंटरफेस सरल रखा गया है। इसके चलते कोई भी व्यक्ति आसानी से इसका उपयोग कर सकता है। एक ही ऐप में रेलवे से जुड़ी अधिकांश सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को अलग-अलग ऐप और वेबसाइट पर जाने और इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं होगी। बताया कि विभागीय वेबसाइट के अलावा रेल वन प्रमुख ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध कराया गया है।
-
रेल वन ऐप में ये मिलेंगी सुविधाएं
-रिजर्वेशन, अनारक्षित और प्लेटफार्म टिकट बुकिंग
-मासिक और सीजनल पास
-ट्रेनों की लाइव लोकेशन ओर आगमन प्रस्थान की जानकारी
-पीएनआर स्टेटस की जानकारी
-यात्रा के दौरान खाना आर्डर करना
-टिकट कन्फर्मेशन की जानकारी