साइबर ठगों ने फर्जी बैंक अधिकारी बनकर एक कंपनी के कर्मचारी से बैंक संबंधी जानकारी लेकर खाते से हजारों की रकम साफ कर दी। पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले को जांच के लिए साइबर सेल भेजा है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मकतूलपुरी निवासी सचिन ने पुलिस को बताया कि वह एक कंपनी में नौकरी करते हैं। उन्होंने कुछ माह पूर्व एक बैंक से ऋण लिया था। दो दिन पूर्व उनके पास एक नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बताया था कि वह बैंक का अधिकारी बात कर रहा है। साथ ही बताया कि उन्होंने बैंक से जो ऋण लिया है उसके संबंध में खाते संंबंधी जानकारी ली जा रही है। बैंक अधिकारी समझकर उन्होंने खाते संबंधी पूरी जानकारी दी। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से 35 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। मैसेज देखकर उनके होश उड़ गए और उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने उस नंबर पर कॉल की तो वह बंद आया। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। सीओ नरेंद्र पंत ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।