ढंडेरा सब्जी मंडी के पास बाइक सवार तीन युवकों ने एक महिला का पर्स छीन लिया। पर्स में पांच हजार रुपये रखे थे। महिला की तहरीर पर कोतवाली रुड़की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अशोकनगर ढंडेरा निवासी सरिता रावत ने पुलिस को बताया कि पांच अक्तूबर की शाम करीब सात बजे वह मंडी से सब्जी लेकर घर लौट रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर तीन युवक आए और उनके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में करीब पांच हजार रुपये थे।
महिला के अनुसार आरोपियों में एक ने सफेद रंग की कमीज और नीली जींस पहनी हुई थी। दो अन्य काले रंग के कपड़ों में थे। आरोपियों की मोटरसाइकिल काले रंग की बुलेट है जिस पर नंबर भी नहीं लिखा था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच उपनिरीक्षक पायल तोमर को सौंपी गई है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।