तीन युवकों ने घर में घुसकर की फायरिंग, दहशत
पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ की प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बीती रात्रि तीन युवकों ने एक मकान में घुसकर गाली-गलौज करते हुए तीन राउंड फायरिंग की जिससे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना निवासी सतीश कुमार ने रविवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीती रात लगभग 12:58 बजे कुछ युवक मोटरसाइकिलों से उसके घर के बाहर आए जिनमें से तीन युवक गाली-गलौज करते हुए उसके घर में घुस आए। गाली-गलौज का विरोध किया तो लगभग तीन राउंड फायरिंग की। देर रात अचानक हुई फायरिंग से उसका परिवार डरा सहमा हुआ हैं। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी हर्ष उर्फ बिगड़ा निवासी मेघा सकरपुर, हंस निवासी नून नगर थाना पुरकाजी जनपद मुजफ्फरनगर व हिमांशु निवासी बुडपुर जट्ट थाना कोतवाली मंगलौर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी हैं।