- रहीमपुर, सहापुर साल्हापुर एवं सरकड़ी ताहरपुर में आयोजित हुए बहुउद्देशीय शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। ब्लॉक रुड़की के ग्राम रहीमपुर, सहापुर-साल्हापुर और सरकड़ी ताहरपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 173 शिकायतें व आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें रहीमपुर से 70, सहापुर-साल्हापुर से 67 और सरकड़ी ताहरपुर से 36 आवेदन शामिल रहे। प्राप्त आवेदनों में राशन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, विद्युत बिल, आवास योजना, आधार कार्ड, दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन तथा शौचालय निर्माण से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। इनमें से 43 मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को जिला एवं शासन स्तर पर निस्तारण के लिए अग्रसारित किया गया। इस अवसर पर दर्जाधारी देशराज कर्णवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संकल्प है कि राज्य का हर गरीब, किसान और पात्र व्यक्ति बिना बाधा सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि जिले की तीनों विधानसभाओं में यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। कार्यक्रम में इनायत सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष दानिश गौड़ ने बताया कि ट्रस्ट लंबे समय से आपदा प्रभावित क्षेत्रों और जरूरतमंद परिवारों के लिए कार्य कर रहा है। सर्दी के मौसम को देखते हुए सरकड़ी गांव में लगभग 200 परिवारों को राशन किट वितरित की गई। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा ट्रस्ट को सम्मानित किए जाने पर आभार जताते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है। शिविर में प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अनीश गौड़, ग्राम प्रधान अफजाल अली, ग्राम प्रधान एडवोकेट मदन, फैजान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।