गंगनहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार देर शाम पाडली गुर्जर मार्ग स्थित मुर्गा फार्म तिराहे के पास से तीन युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों से कुल 30.37 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
गंगनहर कोतवाली पुलिस की टीम बुधवार शाम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुर्गा फार्म तिराहे के पास तीन युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं और मादक पदार्थ बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर तीनों युवक भागने लगे लेकिन पुलिस ने पीछा करके उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम तारिक, शहजान और बाबर निवासी रसूलपुर थाना गंगनहर बताए। तलाशी लेने पर तारिक के पास से 11.45 ग्राम, शहजान के पास से 9.80 ग्राम और बाबर के पास से 9.45 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।