कोतवाली मंगलौर पुलिस ने रविवार को शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान अवैध हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। युवकों के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने उनकी बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है।
रविवार को उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज अपनी टीम के साथ रविदास जयंती के उपलक्ष्य में क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात थे। शाम करीब 5:07 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ब्रह्मपुर जट्ट गांव में एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक तमंचा लहराते हुए घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
गांव में ग्रामीणों ने तीनों युवकों को घेरा हुआ था। पुलिस ने तुरंत दखल देकर ग्रामीणों को शांत किया और तीनों युवकों को अपनी हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवकों ने अपने नाम तनेजा, ऋतिक व दीपक निवासी हरजौली जट्ट थाना मंगलौर बताए। आरोपियों से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि तीनों युवकों का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। उनकी बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया है।