राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में रुड़की स्थित लीथो प्रेस (राजकीय मुद्रणालय) में दिनरात बैलेट पेपरों की छपाई का काम चल रहा है। हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के 12 शेष जिलों के लिए बैलेट पेपर छपवाए जा रहे हैं। पंचायत चुनाव में करीब 2.50 करोड़ बैलेट पेपर छापने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि, कुमाऊं के पांच और गढ़वाल के दो जिलों के बैलेट पेपर छापकर भेज दिए गए हैं।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद पंचायत चुनाव की तैयारियों में तेजी आ गई है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बीते एक महीने से रामनगर स्थित लीथो में रात दिन बैलेट पेपर छापे जा रहे हैं। 26 जुलाई को अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के बैलेट पेपर छापकर भेज दिए गए। जबकि, शनिवार को पौड़ी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिले बैलेट पेपर संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द किए गए। सोमवार को टिहरी गढ़वाल, चमोली, उत्तरकाशी, देहरादून, ऊधमसिंह नगर के बैलेट पेपर सौंपे जाएंगे। जिलों से हर तीसरे दिन ब्लॉक के अधिकारी बैलेट पेपर लेने रुड़की पहुंच रहे हैं। इसके बाद ट्रकों से बैलेट पेपर जिला मुख्यालय पर पहुंचाए जा रहे हैं। लीथो प्रेेस के अपर निदेशक सर्वेश कुमार गुप्ता ने बताया कि बैलेट पेपरों की सुरक्षा के लिए लीथो प्रेस परिसर में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। वहीं, फायर ब्रिगेड की भी गाड़ी तैनात है। 18 अगस्त तक सभी बैलेट पेपर छापने का लक्ष्य है।
30 नवंबर तक होने हैं चुनाव
हाईकोर्ट ने हरिद्वार को छोड़कर अन्य 12 जिलों में आगामी 30 नवंबर तक पंचायत चुनाव कराने के आदेश दिए हैं। वहीं, हरिद्वार में पंचायत चुनाव अगले साल होने हैं। बता दें कि हाईकोर्ट में सरकार ने अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि चार महीनों के भीतर राज्य में पंचायत चुनाव करवा दिया जाएगा, लेकिन कोर्ट इस तर्क से संतुष्ट नहीं था।