लक्सर क्षेत्र में बृहस्पतिवार की देर रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एक अन्य हादसे में स्कूटी सवार दो युवक फ्लाई ओवर की रेलिंग से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
पहला हादसा लक्सर-कुंआखेड़ा मार्ग पर हुआ। देर रात को सेठपुर गांव निवासी धूम सिंह (50) बाइक से मार्ग पर जा रहा था। भुरनी से कुआंखेड़ा की ओर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में धूम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर उसके परिजन भी मौके पर आ गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला। दूसरा हादसा लक्सर - रुड़की मार्ग पर डौसनी फ्लाई ओवर पर हुआ। जहां मिंटू ( 38) निवासी ग्राम अकबरपुर ऊद और शिवम ( 19) निवासी मोहम्मदपुर कुन्हारी स्कूटी से रुड़की की ओर से लक्सर आ रहे थे। इस दौरान उनकी स्कूटी डौसनी फ्लाई ओवर पर रेलिंग से टकरा गई। स्कूटी सवार दोनों युवक फ्लाई ओवर से नीचे जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों से जानकारी मिलने पर उनके परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को स्थानीय अस्पताल लाया गया। जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां उनकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हुई है। शव को मोर्चरी भेजा गया है। दूसरे हादसे में परिजन युवकों को अस्पताल लेकर गए थे। कार्रवाई की जा रही है।