थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
थाना भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम सिकरोड़ा निवासी मोहम्मद कासिफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 दिसंबर की रात वह अपने भाई आकिफ के साथ दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। सोहलपुर गांव पहुंचने पर सड़क पर खड़े कुछ युवकों को हटाने के लिए उन्होंने बाइक का हॉर्न दिया।
इसी बात पर सड़क पर खड़े सोहलपुर गांव के युवकों ने उनकी एक्टिवा रोक ली और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में आकिफ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी।
मामले की जांच इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली को सौंपी गई थी। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बेड़पुर चौक से धनौरी रोड पर तीनों आरोपियों अरुण, अजय और अंकित निवासी ग्राम सोहलपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में शांतिभंग करने और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।