नारसन में चोरों द्वारा तोड़े गए दुकानों का शटर।
- फोटो : ROORKEE
बेखौफ चोरों ने बीते शुक्रवार की रात सात दुकानों के शटर तोड़ डाले और करीब 30 हजार का सामान ले उड़े। सुबह होने पर दुकानदारों को चोरी का पता चला तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें शांत कर दिया। उन्होंने जल्द ही चोरियों का खुलासा करने का भरोसा दिलाया। चोरियों से क्षेत्र में पुलिस गश्त की पोल भी खुल गई है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में चोर आए दिन चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। तीन दिन पहले ही चोरों ने मंगलौर में एक किराना की दुकान और प्ले स्कूल में चोरी की थी, बृहस्पतिवार को फिर उन्होंने दुस्साहस दिखाते हुए सात दुकानों को निशाना बना लिया है। इनमें गारमेंट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल आदि की दुकानें शामिल थीं। यह गनीमत रही कि दुकानों के गल्लों में ज्यादा कैश नहीं था। दराजें निकली पड़ी थीं, जिससे प्रतीत होता है कि बदमाश नगदी की तलाश में थे। सामान को उन्होंने ज्यादा नहीं छेड़ा।
सुरेंद्र निवासी मोहम्मदपुर जाट, विपिन निवासी नारसन खुर्द, अरुण, अंकित निवासी मोहम्मदपुर जट्ट, दिनेश और मोहित चौधरी निवासी खेड़ा जट्ट की दुकानों को बदमाशों ने निशाना बनाया। जैसे ही यह सुबह दुकानों पर पहुंचे तो दृश्य देख सन्न रह गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस पर अकर्मण्यता का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने दुकानदारों को समझा बुझाकर शांत किया। जल्द चोरियों के खुलासे का भरोसा दिलाया। दुकानदारों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। नारसन पुलिस चौकी प्रभारी मनोज सिरोला ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।