जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रुड़की में सोमवार रात चोरों ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर परिसर से कीमती केबल चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब कर्मचारी संस्थान पहुंचे तो टूटे कैमरे और बिखरा सामान देखकर चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद तत्काल संस्थान के प्राचार्य को सूचना दी गई।
डायट प्राचार्य मेराज अहमद ने स्थानीय पुलिस को लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। प्राचार्य मेराज अहमद ने बताया कि इन दिनों संस्थान परिसर में निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण सामग्री के वाहनों की आवाजाही के कारण मुख्य प्रवेश द्वार खुला रखना पड़ता है। इसी स्थिति का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व रात के समय परिसर में प्रवेश कर रहे हैं और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। लगातार हो रही सुरक्षा संबंधी घटनाओं को देखते हुए डायट प्रशासन ने जिलाधिकारी को भी पत्र भेजा है। पत्र में संस्थान परिसर की सुरक्षा मजबूत करने के लिए पीआरडी जवानों की तैनाती की मांग की गई है ताकि भविष्य में चोरी और तोड़फोड़ जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। संवाद