क्षेत्र के रहमतपुर गांव में मकानों का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी में रखे जेवर और नकदी चोरी कर ली। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पिरान कलियर थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव निवासी रोबिन ने तहरीर देकर बताया कि वह 11 जून को ड्यूटी पर गया हुआ था। वहां से वह लक्सर अपनी रिश्तेदारी में चला गया। 12 जून को घर पर उसके भाई और भाभी भी सुबह के समय मकान का ताला लगाकर अपनी-अपनी ड्यूटी पर चले गए।
जैसे ही वह शाम को अपने घर पर पहुंचा तो देखा मेन गेट का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी के भी शीशे टूटे हुए हैं। बेड में तोड़फोड़ कर रखी है। साथ ही सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने उसके और उसकी पत्नी के करीब एक लाख की नकदी, जेवर चोरी कर लिए हैं।
उसके कमरे के बराबर में उसके भाई पंकज का भी कमरा है। उसके कमरे से भी चोरों ने जेवर और 54 हजार की नकदी चोरी कर ली है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।