रुड़की। पंचायत चुनाव में रुड़की ब्लाक के नवनिर्वाचित प्रधानों में मेहवडख़ुर्द को सबसे युवा प्रधान मिला है, जबकि बहादरपुर सैनी में सबसे उम्रदराज प्रधान निर्वाचित हुए हैं। कुल मिलाकर रुड़की ब्लाक में निर्वाचित प्रधानों की औसत आयु 38 वर्ष है। दूसरी ओर ब्लाक के नौ जिला पंचायत सदस्यों की भी औसत आयु 38 वर्ष है।
रुड़की ब्लाक की 49 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों में मेहवड़ख़ुर्द से निर्वाचित प्रधान आदेश कुमार सबसे युवा प्रधान हैं, जिनकी उम्र अभी 21 साल है। वहीं लाठरदेवा शेख से कुमारी संजोगिता प्रधान निर्वाचित हुईं हैं, जिनकी उम्र 22 साल है। इसके अलावा 35 साल से कम उम्र के प्रधानों की संख्या 17 है, जबकि 40 साल से अधिक आयु के प्रधानों की संख्या 22 है। वहीं बहादरपुर सैनी ग्राम पंचायत से निर्वाचित हुए नरेंद्र सिंह सबसे अधिक उम्र के प्रधान हैं, जिनकी आयु 55 साल है। अगर रुड़की ब्लाक के सभी 49 ग्राम पंचायतों में निर्वाचित प्रधानों की औसत आयु निकाली जाए तो 38 साल है। दूसरी ओर रुड़की ब्लाक में जिला पंचायत सदस्य की न्यूतनतम उम्र 30 वर्ष है और अधिकतम आयु 48 वर्ष है, लेकिन जिला पंचायत सदस्यों की औसत आयु 38 वर्ष ही है। कुल मिलाकर रुड़की ब्लाक के जनप्रतिनिधियों की औसत आयु 38 वर्ष है। मालूम हो कि पंचायत चुनाव लड़ने के लिए न्यूनतम उम्र 18 वर्ष निर्धारित है, जबकि अधिकतम उम्र की कोई सीमा नहीं है।