सहकारी गन्ना विकास समिति लक्सर में उर्वरक की उपलब्धता पर संशय दूर हो गया है। जांच टीम के निरीक्षण के बाद समिति गोदाम से सील हटा ली गई थी। समिति प्रबंधन की ओर से किसानों को फिलहाल नकद में उर्वरक उपलब्ध कराए जा रहे हैं। समिति की ओर से उधार में भी उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव पारित कर गन्ना आयुक्त को स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
पिछले दिनों रात के समय समिति गोदाम में उर्वरक की लोडिंग के दौरान हंगामा हो गया था। मामले में समिति के डायरेक्टर अखिल पंवार की ओर से एक कर्मचारी के खिलाफ उर्वरक की चोरी का मामला कोतवाली में दर्ज कराया गया है। कर्मचारी के निलंबन के साथ ही गन्ना आयुक्त के निर्देश पर एक जांच टीम गठित की गई है।
बुधवार और बृहस्पतिवार को टीम ने गोदाम में मौजूद उर्वरक की गिनती कराई थी। गिनती कराने के बाद गोदाम पर लगी सील को हटा दिया गया था। हालांकि समिति में पहले ही उर्वरक का वितरण हो रहा था। इस बीच गोदाम खुलने के बाद अब उर्वरक के वितरण पर संशय दूर हो गया है। गन्ना समिति के चेयरमैन अनुराग चौधरी ने बताया कि समिति में किसानों को उर्वरक का वितरण किया जा रहा है। उधार में किसानों को उर्वरक वितरण के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है। गन्ना समिति के विशेष सचिव सूरजभान सिंह ने बताया कि गोदाम पर यूरिया, एनपीके और डीएपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसान आवश्यकतानुसार उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।