रुड़की। नगर निगम के वार्ड नंबर 23 में तालाब की मिट्टी बेचे जाने की शिकायत पर एडीएम के नेतृत्व में प्रशासन और नगर निगम की एक टीम ने मौके का जायजा लिया। हालांकि अभी जांच पूरी नहीं हो पाई है।
रुड़की निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 23 के सलेमपुर राजपुुताना में तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर कुछ लोगों ने तालाब की मिट्टी खोद दी थी। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक की गई थी। बाद में हाईकोर्ट ने मामले में जांच के आदेश दिए थे। वहीं एडीएम भगवत किशोर मिश्रा ने रुड़की तहसील में शिकायतकर्ताओं एवं अन्य लोगों के साथ बैठक की। इसके बाद शनिवार को प्रशासन एवं एंटी माइनिंग की टीम मौके पर पहुंची और पड़ताल की। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। एडीएम भगवत किशोर मिश्रा का कहना है उच्च न्यायालय के आदेश के बाद डीएम ने एक कमेटी गठित की है। जांच के लिए मौके पर टीम गई थी, लेकिन तालाब में पानी भरा हुआ है, इसीलिए इसकी कितनी खोदाई की गई है, इसकी जांच अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा सबूत प्राप्त हुए हैं, उनके आधार पर जांच की जाएगी। साथ ही अन्य किसी तकनीक से तालाब की गहराई नापी जाएगी। इस अवसर पर मुख्य नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, तहसीलदार मुकेश रमोला, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट और नायाब तहसीलदार प्रीतम सिंह आदि मौजूद रहे।