एक युवक ने दर्जी की दुकान में घुसकर उसकी पिटाई कर दी। आरोपी ने दर्जी के घर में घुसकर उसके परिजन से भी गाली-गलौज करते हुए बदसलूकी की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के सीधडू गांव निवासी फकरुद्दीन ने तहरीर में बताया कि वह दर्जी का कार्य करते हैं। घर में ही उनकी दुकान है। 17 अप्रैल को वह अपनी दुकान में काम कर रहे थे। रात करीब नौ बजे गांव निवासी आरोपी मनोज उनकी दुकान में आया और गाली-गलौज करने लगा। उन्होंने विरोध किया तो आरोपी ने लात-घूंसों से उन्हें पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी उनके घर में घुस गया और घर में मौजूद उनके परिजन के साथ भी गाली गलौज करते हुए अभद्रता की गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। इसपर आरोपी उन्हें जान से मारने और बच्चों का अपहरण कराने की धमकी देकर चला गया। पूरी घटना उनके यहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। उन्होंने दर्जी से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद