सस्ते गल्ले की दुकान के निरीक्षण के दौरान राशन विक्रेता और पूर्ति निरीक्षक के बीच हाथापाई के मामले में पूर्ति निरीक्षक ने राशन विक्रेता के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने राशन विक्रेता पर अभद्रता और हाथापाई करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पूर्ति निरीक्षक बबीता कटारिया ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 जनवरी को नगर के लक्सर गांव वार्ड निवासी एक कार्डधारक की शिकायत पर वह वार्ड में स्थित सस्ते गल्ले की दुकान पर पहुंची थीं। यहां उन्होंने महिला राशन विक्रेता से चाबी लेने के बाद दुकान में मौजूद खाद्यान्न का निरीक्षण किया।
आरोप है कि इसी दौरान महिला राशन विक्रेता ने कुछ अन्य महिलाओं के साथ उनका घेराव कराया जिससे वह खाद्यान्न का निरीक्षण नहीं कर सकीं। इस पर उन्होंने दुकान को सील करने की कार्रवाई शुरू करते हुए दुकान को ताला लगाने का प्रयास किया। राशन विक्रेता ने उनके साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई की।
घटना का वीडियो उनके पास सुरक्षित है। पूर्ति निरीक्षक ने राशन विक्रेता पर अभद्रता, हाथापाई करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाने के साथ ही अपनी जान को भी खतरा जताया है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पूर्ति निरीक्षक बबीता कटारिया ने बताया कि दुकान में निरीक्षण के दौरान राशन विक्रेता ने अभद्रता और हाथापाई करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिली है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।