रुड़की। चोरों ने एक कंफेक्शनरी की दुकान के शटर का ताला तोड़कर हजारों की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। दुकान मालिक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामनगर निवासी तिलकराज पिपलानी की रामनगर में राम मंदिर के सामने कंफेक्शनरी की दुकान है। सोमवार की शाम वह रोजाना की तरह दुकान का ताला लगाकर घर चले गए। रात में किसी समय चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। मंगलवार की सुबह वह दुकान पर पहुंचे तो शटर का ताला टूटा देखा। शटर उठाकर देखा तो गल्ला खुला हुआ था और सामान भी गायब था। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। उधर, दुकान मालिक ने पुलिस को बताया कि चोर दुकान से 40 हजार की नकदी और करीब 10 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं। दुकान मालिक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही संदिग्धों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।