संघ प्रमुख मोहन भागवत ने स्वयंसेवकों को निस्वार्थ भाव से कार्य करने का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने शनिवार को रुड़की स्थित आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर में विभागीय बैठक को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि संघ का कार्य ईश्वरीय कार्य है और यह किसी के रोकने से रुकने वाला नहीं है। स्वयंसेवकों को देश, समाज, संस्कृति, हिंदू धर्म और संघ को अपना समझकर पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक संघ का घटक है। संघ समुद्र की तरह है, लहरों की तरह नहीं। स्वयंसेवक में डॉ. हेडगेवार जैसी कार्यवेदना होनी चाहिए। उसे नियमित शाखा में उपस्थित रहने के साथ अहंकार से दूर रहकर संघ की ओर से दिए गए प्रत्येक दायित्व को पूरे समर्पण से निभाना चाहिए। संघ की प्रेरणा निस्वार्थ सेवा है। भागवत ने कहा कि संघ को समझना है तो उसके स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व और व्यवहार का आकलन करना चाहिए।
उन्होंने डॉ. हेडगेवार से जुड़ा प्रसंग सुनाते हुए बताया कि संघ पर प्रतिबंध की चर्चा के दौरान एक मुस्लिम अधिकारी ने कहा था कि वह डॉ. हेडगेवार को जानते हैं और वे अच्छे व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि अच्छा व्यक्तित्व ही किसी संगठन का आईना होता है। बैठक में सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद रहे।