कुआंखेड़ा को लक्सर-रुड़की मार्ग पर सोलानी पुल से जोड़ने वाले मार्ग के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। लोक निर्माण विभाग लगभग 70 लाख की लागत से यहां सड़क का पुनर्निर्माण और सुरक्षात्मक कार्य कराएगा। इसके लिए निविदा की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अगस्त और सितंबर माह में लगातार बारिश के कारण सोलानी का जलस्तर बढ़ने से लक्सर से कुआंखेड़ा गांव से लक्सर - रुड़की हाईवे तक जाने वाले मार्ग पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। सड़क में कई स्थानों पर कटाव होने से यहां 300 बीघा से अधिक कृषि भूमि पर खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। पिछले दिनों खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया था।
सिंचाई विभाग की ओर से 30 लाख से अधिक लागत से होने वाले बाढ़ सुरक्षा कार्यों के प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजे गए थे। कुआंखेड़ा होते हुए लक्सर को रुड़की हाईवे से जोड़ने वाले मार्ग के महत्व को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने भी मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। स्वीकृति के बाद अब निविदा की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। विभाग करीब 70 लाख की लागत से सोलानी नदी पुल से कुआंखेड़ा मार्ग पर सुरक्षात्मक एवं पुनर्निर्माण कार्य कराएगा। लोनिवि के ईई नवनीत पांडेय ने बताया कि कार्य के लिए निविदा जारी की गई है। निविदा की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शीघ्र कार्य आरंभ करा दिया जाएगा।