बस्ती के लोगों ने इमलीखेड़ा में फोनिक्स इंजीनियरिंग काॅलेज के पास बस्ती के बीच से निकल रहे मिट्टी के डंपरों को प्रदर्शन कर रोक दिया। ठेकेदार को किसी दूसरे रास्ते से मिट्टी के डंपरों को निकालने को कहा गया। अब बस्ती के लोग ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से शिकायत कर परमिशन को रद्द कराने की मांग करेंगे।
नगर पंचायत इमलीखेड़ा में फोनिक्स इंजीनियरिंग काॅलेज के बराबर में घनी बस्ती से खनन ठेकेदार मिट्टी से भरे डंपरों को निकाल रहा है। शनिवार को बस्ती के लोगो ने इनका विरोध किया और डंपरों को रोककर उनके सामने खड़े होकर प्रदर्शन किया। यूनुस, सतीश, अनिलपाल, सोनू पाल, विरजेश सैनी, सुमित पाल, छोटा, सुरेश पाल, श्रवण ,सतपाल, यशपाल,वसीम, नदीम, कर्म सिंह आदि का कहना है कि इन मिट्टी से भरे डंपरों के कारण सड़क कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। उनके पशु डर रहे हैं और मिट्टी हवा में उड़कर उनके घरों में जा रही है। इस दौरान बस्ती के लोगों ने खनन ठेकेदार से परमिशन दिखाने को कहा लेकिन वह दिखा नहीं पाया। बस्ती के लोगों ने चेतावनी दी कि डंपरों को यहां से गुजारा गया तो जेएम से शिकायत कर परमिशन को निरस्त करने की मांग करेंगे।