रुड़की डिपो के अधिकारी डिपो परिसर की सुरक्षा के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। रुड़की डिपो की सुरक्षा में एक बार फिर से उसी सुरक्षा गार्ड की तैनाती कर दी गई है। इसने सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए डिपो परिसर में अनैतिक कार्य करके परिवहन निगम की छवि धूमिल की थी। अधिकारियों के इस फैसले पर तमाम सवाल उठने लगे हैं।
रुड़की डिपो समेत उत्तराखंड के कई डिपो की सुरक्षा एक निजी कंपनी के हाथों में है। कंपनी की ओर से सभी डिपो में निजी सुरक्षा गार्ड हैं। रुड़की डिपो की सुरक्षा के लिए भी गार्ड तैनात रहते हैं। 20 जुलाई 2023 की रात डिपो की सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षा गार्ड और कुछ चालकों पर डिपो परिसर में तैनात आराम कक्ष में शराब पीने का आरोप लगा था। आरोप था कि सुरक्षा गार्ड ने आराम कक्ष में एक किन्नर को बुलाया था। इसके बाद सुरक्षा गार्ड और चार चालकों ने किन्नर के साथ अनैतिक कार्य किया था। रुड़की डिपो के एजीएम केके मल्होत्रा ने बताया कि डिपो की सुरक्षा निजी कंपनी के हाथ में है। दीपावली पर कंपनी से सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ाने के लिए गार्ड मांगा गया था। लोकल होने की वजह से कंपनी ने इसी गार्ड को भेजा है। अगर फिर से इस गार्ड की कोई शिकायत मिलती है तो हटा दिया जाएगा।