एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने रुड़की ग्रामीण प्रथम की सुपरवाइजर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। सुपरवाइजर ने यह आरोप पूर्णतया निराधार बताए हैं। ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ एसडीएम को शिकायतपत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। कार्यकर्ता के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है।
रुड़की ग्रामीण प्रथम की सुपरवाइजर संजेश पर रामपुर केंद्र नंबर-12 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रेखा सिंह ने आरोप लगाए थे। संजेश का कहना है कि यह आरोप निराधार हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर ग्रामीणों ने आरोप लगाए थे कि वह लगातार आंगनबाड़ी केंद्र बदल देती है। यही नहीं, वह लोगों के काम भी नहीं करती बल्कि उन्हें टरका देती है। विभागीय योजनाओं को भी लोगों तक नहीं पहुंचाती है। इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने एक शिकायतपत्र एसडीएम रुड़की को सौंपा था। इसके लिए एक जांच कमेटी बनाई गई थी। इसकी जांच सुपरवाइजर संजेश को सौंपी गई थी। जांच के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उत्पीड़न के झूठे आरोप लगाए थे। सुपरवाइजर संजेश ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ जांच चल रही है। जल्द ही जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।