खबर छपने के बाद अधिकारियों ने लिया समस्या का संज्ञान
मंगलौर। हाईवे के नाले के चोक होने और सर्विस रोड पर बहते गंदे पानी की समस्या से संबंधित प्रकाशित समाचार का संज्ञान लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने तत्काल सफाई अभियान चलाकर मार्ग को सुगम बनाया है।
हाल ही में अमर उजाला में हाईवे का नाला चोक, सर्विस रोड पर बह रहा पानी शीर्षक से प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की गई थी। इसमें बताया गया था कि नाला बंद होने के कारण सारा गंदा पानी सर्विस रोड पर जमा हो रहा था जिससे राहगीरों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गंदा पानी जमा होने से जहां दुर्गंध फैल रही थी, वहीं संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था।
खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका प्रशासन की ओर से समस्या का संज्ञान लिया गया। अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी के निर्देश पर सफाई कर्मियों की टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने मशीनों और सफाई कर्मियों की मदद से नाले में फंसी गंदगी और कचरे को बाहर निकाला। इससे रोड पर जमा पानी निकल गया और मार्ग साफ हो गया। नाले की सफाई होने और मार्ग से पानी हटने पर स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने राहत की सांस ली है।