The moon shone in the marital market before
- फोटो : amarujala
पति की दीर्घायु के लिए बुधवार को मनाए जाने वाले करवाचौथ व्रत की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बाजार गुलजार रहे। देर रात तक महिलाओं ने सजने संवरने के सामान की जमकर खरीददारी की। मेहंदी स्टाल और ब्यूटी पार्लरों पर महिलाओं की लंबी लाइन देखी गई। कई जगह एडवांस बुकिंग के बावजूद तीन से चार घंटे तक नंबर नहीं आया। बाजार की रौनक देखकर हर कोई कहता नजर आया कि बाजार मेें करवाचौथ का चांद एक दिन पहले ही निकल आया है।
करवाचौथ के लिए बाजार कई दिनों से सजने लगे थे। दो-तीन दिन पहले से ही महिलाओं ने कपड़ों की खरीददारी शुरू कर दी थी। मंगलवार को बाजार पूरी तरह करवाचौथ के रंग में रंगे नजर आए। सुबह से ही साड़ियों और रेडिमेड कपड़ों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ जुटी। वहीं चूड़ी व मेकअप का अन्य सामान खरीदने के लिए भी जनरल स्टोर पर महिलाएं उमड़ी। दोपहर बाद तो नजारा और बदल गया। बड़ी संख्या में लोगों के बाजार में पहुंचने के कारण लगभग हर दुकान में भारी भीड़ थी। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
मेहंदी लगवाने को लाइनें
मेहंदी लगवाने को लेकर महिलाओं की कतारें लगी रही। ब्यूटी पार्लर से लेकर सड़क किनारे बैठकर मेहंदी लगाने वालों के यहां भारी भीड़ रही। महिलाओं को मेहंदी लगाने वाले के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
फैंसी करवों की रही डिमांड
रुड़की। करवाचौथ पर मिट्टी के करवे की पूजा का विशेष महत्व है। जिसके चलते करवाचौथ से एक दिन पहले बीटी गंज बाजार, आजादनगर रोड, पश्चिमी अंबर तालाब, रामनगर और गणेशपुर सहित विभिन्न स्थानों पर करवा खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ रही। इस बार फैंसी करवे खरीदने को लेकर महिलाओं में ज्यादा क्रेज नजर आया।
रात 8.44 बजे चांद देखकर खोलें व्रत
रुड़की। ज्योतिषियों के अनुसार करवाचौथ पर दिनभर निर्जल व्रत रखकर पति की लंबी आयु की कामना की जाती है। पंडित जगदीश पैन्यूली के अनुसार बुधवार रात 8.44 बजे चंद्रोदय के बाद व्रत पारायण करना उचित होगा। इस दौरान दुर्गा मंदिर में शाम साढ़े तीन बजे और हरमिलाप धर्मशाला में अपराह्न तीन बजे कथा सुनाई जाएगी।