तहसील दिवस पर राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया बेहद धीमी होने और लोगाें के सुबह आठ बजे से लाइन में लगने की समस्या के समाधान की मांग की गई। अपर तहसीलदार शिवांगी ने पर्ची (टोकन) सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को कड़ी गर्मी में लाइन में लगने से मुक्ति मिल सके। इस दौरान 29 शिकायतें दर्ज की गई जिनमें से 11 का मौके पर निस्तारण किया गया।
लेखपाल सभागार में आयोजित तहसील दिवस में अपर तहसीलदार शुभांगी ने सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने लेखपाल कक्ष के बराबर वाले कक्ष में बैठे लेखपालों पर कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही पूछा कि दूसरे कक्ष में बैठे लेखपाल क्या तहसील दिवस का हिस्सा नहीं हैं। इसपर आनन फानन सभी लेखपाल पहुंचे। इस दौरान पार्षद पंकज सतीजा ने शिकायत की कि राशन कार्ड का काम बहुत धीमी गति से किया जाता है और लोगों को कई घंटे लाइन में लगना पड़ रहा है।
इस पर क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति अधिकारी नीलम भास्कर ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल पर विवरण दर्ज करने के बाद ओटीपी प्राप्त होने में समय लगता है जिसकी वजह से देरी होती है। इस पर अपर तहसीलदार ने टाेकन सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए। वहीं भोपाल सिंह निवासी ब्रह्मपुर जट ने बताया कि खेतों की सिंचाई के लिए विद्युत लाइन स्वीकृत होने के बाद विद्युत विभाग ने 10 खंभे लगाए और चार खंभाें पर लाइन भी खींच दी लेकिन आरोप है कि एक व्यक्ति ने स्टे की गलत जानकारी देकर काम रुकवा दिया जबकि यह सरकारी रास्ता है। यही नहीं अब वहां आम के पौधे लगाए जा रहे हैं। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा तहसील दिवस पर पैमाइश कराने, अतिक्रमण हटवाने, बिजली कनेक्शन, प्रमाणपत्र बनवाने आदि की अधिक समस्याएं रहीं। तहसीलदार शुभांगी ने बताया कि 29 शिकायतें दर्ज हुई है जिनमें से 11 का मौके पर निस्तारण कराया गया है।
तहसील दिवस में मिलीं 15 शिकायतें, छह का निस्तारण
भगवानपुर। मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी के सामने रखीं और सीओ मंगलौर अनुभव चौधरी ने क्राइम से जुड़ी शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 15 शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से अधिकतर चकबंदी और राजस्व एवं प्रदूषण विभाग से जुड़ी थीं। खेलपुर निवासी समीम ने गांव में कंपनी से हो रहे प्रदूषण को लेकर संबंधित शिकायत की छह शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के जल्द निस्तारण के कड़े निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।