Iहालुमजरा में पूर्व प्रधान के शैक्षिक प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने पर डीएम ने कर दिया था निष्कासितI
हालुमजरा में ग्राम प्रधान पद के लिए मैदान में उतरे छह प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतपेटियों में कैद हो गया है। गांव की कमान दोबारा किसके हाथों में जाएगी इसका फैसला अब सात अक्तूबर को होगा।
भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम हालुमजरा में ग्राम प्रधान के शैक्षिक योग्यता के प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बाद डीएम ने उसे निष्कासित कर दिया था। इसके बाद डीएम के आदेश पर दोबारा चुनाव कराने के लिए अधिसूचना जारी की गई। इसके बाद पर्चा भरने, जांच करने और वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान पद के लिए प्रशासन के अधिकारियों ने गांव के विद्यालय में मतदान शुरू कराया।
इस दौरान प्रधान पद के लिए छह प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे थे। पुलिस फोर्स की तैनाती के बाद सुबह आठ बजे मतदान शुरू कराया गया। इसमें मतदाताओं ने लाइन में खड़े होकर बड़े जोश के साथ मतदान किया। शाम करीब छह बजे तक मतदान प्रक्रिया चलती रही। इसके बाद सभी मत पेटियों में कैद हो गए। एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान पद के लिए हुए चुनाव का परिणाम आगामी सात अक्तूबर को मतगणना के बाद घोषित होगा।
Iपैसे बांटने की सूचना पर मारपीटI
चुनाव से एक रात पहले ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी रात के समय अलर्ट होकर घूम रहे थे। इसी दौरान रात के समय एक प्रत्याशी के समर्थकों को दूसरे मोहल्ले में एक प्रत्याशी के समर्थकों को रुपये बांटने की भनक लगी। इसपर मौके पर दोनों प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों ही पक्ष के समर्थकों में मारपीट शुरू हो गई। हंगामा होने की जानकारी मिलते ही गांव में तैनात पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराया। थाना अध्यक्ष रमेश तनवार का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर आने के बाद जांच की जाएगी।