फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लाइनमैन के चढ़ते ही टूट गया बिजली का पोल

विज्ञापन
विज्ञापन
रुड़की। रामनगर क्षेत्र में लाइन में आई कमी को ठीक करने के लिए लाइनमैन जैसे ही खंभे पर चढ़ा तो वह जर्जर हालत में होने के चलते नीचे से टूट गया। इससे खंभा जमीन पर गिरने लगा। यह देख आसपास लोगों में हड़कंप मच गया, वहीं लाइनमैन भी नीचे गिरने के डर से दहशत में गया। गनीमत रही कि खंभे पर लगे तारों के जाल से खंभा कुछ देर के लिए हवा में लटका रहा। ऐसे में तुरंत लाइनमैन ने खंभे से कूदकर अपनी जान बचाई।
विज्ञापन

रामनगर क्षेत्र में इस समय बिजली के खंभों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। शहर में जगह-जगह खंभे जर्जर हो चुके हैं। ये जर्जर खंभे शहरवासियों के लिए खतरनाक साबित हो रहे हैं। आंधी और बारिश में इनके नीचे गिरने का डर लगा रहता है। शुक्रवार को रामनगर में कुछ ऐसी ही घटना हुई। दरअसल, शुक्रवार को रामनगर क्षेत्र में बिजली में कुछ तकनीकी खामी आ गई थी। लोगों की शिकायत पर ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने लाइनमैन को लाइन ठीक करने के लिए भेज दिया। दोपहर करीब 11 बजे लाइनमैन सीढ़ी लगाकर खंभे पर चढ़ने लगा। जैसे ही लाइनमैन एंगल पर बंधे तार ठीक करने लगा तो खंभा नीचे से जर्जर होने के चलते टूटने लगा। यह देख लाइनमैन के होश उड़ गए। वहीं आसपास गुजर रहे लोगों में भी हड़कंप मच गया। इस दौरान खंभे पर बिजली के तारों का जाल बुना हुआ था। गनीमत रही कि इन तारों के जाल के चलते खंभा सीधा जमीन पर नहीं गिरा और कुछ देर के लिए हवा में अटका रहा। ऐसे में आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे लाइनमैन को सुरक्षित नीचे उतारा। लाइनमैन के नीचे उतरते ही खंभा जमीन पर जा गिरा। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में ऊर्जा निगम के प्रति रोष है।
फरवरी में की थी जर्जर खंभों की शिकायत
क्षेत्रीय पार्षद ने 12 फरवरी को अपने क्षेत्र में जर्जर बिजली के खंभों की शिकायत ऊर्जा निगम से की थी। साथ ही उन्हें बदलवाने की मांग की थी। पार्षद पंकज सतीजा ने बताया कि फरवरी में उन्होंने नगर निगम और ऊर्जा निगम को उनके वार्ड में खराब और जर्जर बिजली के पोलों को बदलवाने की मांग की थी। उस दौरान अधिकारियों ने जल्द खंभे बदलवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। बताया कि उनके वार्ड में अभी भी पांच से सात बिजली के खंभे जर्जर हालत में हैं। उन्होंने उन्हें जल्द से जल्द बदलवाने की मांग की।
विज्ञापन

आठ घंटे गुल रही रामनगर की बिजली
शुक्रवार को दोपहर करीब 11 बजे खंभे पर चढ़ने के लिए लाइनमैन ने शटडाउन लिया था। इसके बाद खंभा टूट जाने से बिजली की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई। ऐसे में रामनगर क्षेत्र के करीब 300 परिवारों को आठ घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। रामनगर निवासी सतीश कुुमार, मंगेश सहगल, दीपक अरोड़ा और मनोज शर्मा आदि का कहना है कि ऊर्जा निगम की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है। यदि निगम अधिकारी समय से जर्जर खंभे को बदलवा देते तो आज यह नौबत नहीं आती। वहीं आठ घंटे बिजली नहीं आने से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। शाम करीब सात बजे तक ऊर्जा निगम के कर्मचारी जर्जर बिजली के खंभे को बदलने का काम करते रहे। इसके बाद नया खंभा लगाकर दोबारा से नई लाइन खींची गई। तब जाकर बिजली सप्लाई शुरू हो पाई।
रामनगर में खंभा जर्जर होने की शिकायत मिली थी। रामनगर सहित शहर के अन्य इलाकों में भी जर्जर खंभों को बदलवाने के लिए टेंडर दे दिया गया है। इस महीने करीब 100 जर्जर खंभों को बदलवाना है। लाइनमैन के चढ़ने से खंभा टूटने की जानकारी नहीं मिली है। यदि ऐसा हुआ है तो सबसे पहले ज्यादा जर्जर खंभों को बदलवाने के निर्देश दिए जाएंगे।
विज्ञापन

-सिराज उस्मान, ईई, ऊर्जा निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें