सालाना उर्स मेले में जायरीनों की सुरक्षा के लिए पुलिस और आपदा राहत दल सतर्क है। शनिवार दोपहर को कलियर गंगनहर घाट पर स्नान करते समय तेज बहाव में बह रहे 24 वर्षीय जायरीन को पीएसी आपदा राहत दल की टीम ने सकुशल बचा लिया। बाद में उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश निवासी साहिल (24) गंगनहर घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक नहर के तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा। पास मौजूद युवकों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। घाट पर तैनात पीएसी आपदा राहत दल के एसआई इखलाक मलिक, विशाल सिंह, मनवर नेगी और हरीश सुंदरियाल जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए साहिल को पानी से बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने कहा कि उर्स मेले के दौरान गंगनहर घाट पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से जायरीनों को बार-बार गहरे पानी में न जाने, रेलिंग पकड़कर ही स्नान करने और नहर को तैरकर पार करने का प्रयास नहीं करने की अपील की जा रही है। पुलिस ने जायरीनों से सावधानी बरतने और किनारे पर ही स्नान करने की अपील की है।