निजी स्कूलों की मनमानी पर शिकंजा कसेगा विभाग
बीईओ ने स्कूल संचालकों को दिए निर्देश
लक्सर। किताबों, यूनिफार्म और स्कूल फीस के लिए निजी स्कूलों की मनमानी की शिकायतों पर शिक्षा विभाग शिकंजा कसने की तैयारी में है। निरीक्षण के दौरान निजी प्रकाशकों की अतिरिक्त पुस्तकें लगाने पर नगर में तीन स्कूलों को नोटिस भेजने के साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी ने अन्य स्कूल संचालकों को भी निर्देश जारी किए हैं। साथ ही अभिभावकों की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कही है। नए शिक्षण सत्र में कुछ निजी स्कूलों के एनसीईआरटी की किताबों के अलावा निजी प्रकाशकों की पुस्तकों को पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने और चुनिंदा दुकानों पर महंगी किताबें बिकने के साथ ही फीस वृद्धि पर विभाग को शिकायतें मिली हैं। पूर्व दर्जाधारी रविंद्र सिंह आनंद और समाजसेवी अश्वनी चौधरी ने मुद्दे को उठाते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की थी। इस पर तीन दिन पहले बीईओ विनोद कुमार ने नगर के तीन स्कूलों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में सामने आया निजी प्रकाशकों की अतिरिक्त पुस्तकें को पाठ्यक्रम में शामिल की गई हैं। विभाग ने इस पर तीनों स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। कुछ दूसरे स्कूलों के विरुद्ध भी विभाग को इस प्रकार की शिकायतें मिली हैं। इनमें नगर के अलावा देहात में संचालित हो रहे कुछ स्कूल शामिल हैं। विभाग ने इसके लिए स्कूल संचालकों को निर्देश जारी किए हैं।
-
स्कूल संचालकों को नियमों का पालन करने के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी अभिभावक की ओर से शिकायत दर्ज कराई जाती है तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - विनोद कुमार खंड शिक्षा अधिकारी