संदिग्ध व्यक्ति और वस्तुओं की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था परखी
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर रुड़की रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा चाक-चौबंद
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। कांवड़ मेले के मद्देनजर शनिवार को रुड़की रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक रेलवे उत्तराखंड, हरिद्वार अरुणा भारती के आदेश के अनुपालन में बम निरोधक दस्ता, जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों की जांच की।
शनिवार को कांवड़ यात्रा के धीमा होने पर लोकल व अन्य यात्रियों ने स्टेशन का रुख कर दिया। अचानक भीड़ बढ़ने पर यात्रियों और स्टेशन की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी। चेकिंग अभियान के दौरान बम निरोधक दस्ता टीम प्रभारी भगवान सिंह के नेतृत्व में टीम ने स्टेशन परिसर में विभिन्न स्थानों पर जांच की।
इस दौरान यात्रियों के सामान, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार सहित अन्य संवेदनशील स्थानों को भी बारीकी से देखा गया। टीम ने संदिग्ध व्यक्ति और वस्तु मिलने पर उनकी जांच की। अभियान में सेक्टर अधिकारी उपनिरीक्षक नवीन डंगवाल, जीआरपी रुड़की चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सुशील कुमार तिवारी, आरपीएफ पोस्ट रुड़की के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्तों के रेलवे स्टेशन से आवागमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने यात्रियों को भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों के अनुसार कांवड़ मेला समाप्त होने तक रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी।