मायावती की जनसभा में जा रहे दो युवकों की बाइक टिक्कमपुर गांव के निकट एक टै्रक्टर-ट्राली से जा टकराई। जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान हरिद्वार ग्रामीण सीट पर बसपा प्रत्याशी के चचेरे भाई की मौत हो गई।
लक्सर में हो रही बसपा की जनसभा में मायावती को सुनने बसपा से हरिद्वार ग्रामीण सीट के प्रत्याशी मुकर्रम अंसारी का रिश्ते का भाई अंसार अंसारी उम्र 25 वर्ष निवासी सराय गांव के ही एक युवक के साथ बाइक से जा रहे थे। जैसे ही बाइक सवार दोनों टिक्कमपुर गांव के पास पहुंचे तो उनकी बाइक एक टै्रक्टर-ट्राली से जा टकराई। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक पीछे से आ रहे सराय निवासी कुछ ग्रामीण घायल युवकों को लेकर उपचार के लिए चले गए। उपचार के दौरान हरिद्वार ग्रामीण सीट से बसपा के प्रत्याशी मुकर्रम अंसारी के रिश्ते के भाई अंसार अंसारी की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार दूसरे घायल का उपचार चल रहा है। सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि टिक्कमपुर में दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही कुछ ग्रामीण घायलों को लेकर चले गए थे।
ग्रामीणों से भरी बस को बचाते हुए पलटा ट्रक
मायावती की जनसभा के लिए ग्रामीणों को ले जा रही बस को बचाते हुए गन्नों से लदा एक ट्रक पीपली गांव के निकट सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि दोनों वाहन आपस में नहीं टकराए वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
लक्सर गांव में आयोजित बसपा की सुप्रीमो मायावती की जनसभा के लिए ग्रामीण बस में सवार होकर सुल्तानपुर से लक्सर की ओर आ रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही बस पीपली गांव के निकट पहुंची तो गन्नों से लदे ट्रक को ओवरटेक किया। जिस पर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और चालक भी सकुशल पलटे ट्रक से बाहर निकल आया। गनीमत रही कि बस और ट्रक आपस में नहीं भिड़े नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।