सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शनिवार को यूपी सिंचाई विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कलियर में अभियान चलाकर पीपल चौक, रुड़की रोड, राही गेस्ट हाउस के आसपास व कांवड़ पटरी पर कार्रवाई की। इस दौरान सिंचाई विभाग की भूमि पर बनी अस्थायी दुकानें और रेहड़ी-ठेलियां हटाई गईं।
यूपी सिंचाई विभाग के एसडीओ अर्जुन सिंह और नायब तहसीलदार मो. यूसुफ के नेतृत्व में चली कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को स्वयं कब्जा हटाने की चेतावनी दी। इसके बाद जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान आजाद समाज पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजीम अहमद ने विरोध जताते हुए इसे गरीब जनता पर अत्याचार बताया।
उनका कहना था कि प्रशासन उन रेहड़ी-ठेली संचालकों को भी हटाने का काम कर रहा है जिनकी आजीविका वर्षों से सरकारी भूमि पर निर्भर है जबकि संबंधित भूमि का वर्तमान में सरकार की ओर से कोई उपयोग नही किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों के रोजगार की वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना उन्हें न हटाया जाए। एसडीओ अर्जुन सिंह और नायब तहसीलदार मो. यूसुफ ने बताया कि शासन और जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को पूरी तरह कब्जा मुक्त कराने तक कार्रवाई जारी रहेगी। इसके बाद विभाग की ओर से सीमांकन कराकर चारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा। अभियान के दौरान अवर अभियंता आशीष त्यागी, बीडी धीमान, जिलेदार अजय शर्मा, सिंचाई पर्यवेक्षक मनोज सैनी, वैभव चौधरी सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा।