दबंगों ने एक टेंपो चालक पर डंडों से हमला कर दिया। बीच बचाव कराने आए चाचा और चचेरे भाई पर भी डंडों से हमला कर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोगों के जमा होने पर दबंग जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। टेंपो चालक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
उस्मान निवासी कलियर रुड़की और कलियर के बीच टेंपो चलाते हैं। बृहस्पतिवार शाम वह रेलवे स्टेशन के बाहर टेंपो खड़ा कर सवारी का इंतजार कर रहा था। इस बीच हाथों में डंडे लिए आधा दर्जन युवक उस्मान के पास पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। उस्मान ने विरोध किया तो डंडे से हमला कर दिया। बीचबचाव कराने आए चाचा और चचेरे भाई नौमान व अरशद पर भी युवकों ने डंडों से हमला कर दिया। युवकों ने चाचा व चचेरे भाई को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में दोनों बुरी तरह से लहूलुहान हो गए। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा होते देख फरार हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। उधर, एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।