रुड़की। किशोरी के अपहरण के मामले में पुलिस ने माही समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि पास रहने वाली युवती माही ने उनकी बेटी का अपहरण किया। दबाव पड़ने पर वह अन्य लोगों की मदद से दो दिन बाद उसे वापस छोड़ गई। पुलिस ने माही समेत अन्य दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि व्यक्ति की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। उनके घर के पास युवती ममता उर्फ माही निवासी रावलीघाट, तहसील कंडाघाट वाकनघाट, हिमाचल किराये पर रहती है। 18 जून को माही ने शहबान निवासी मंगलौर की मदद से उसकी 13 वर्षीय बेटी का अपहरण कर लिया। पहले वह उसे कार से रोडवेज बस अड्डे पर ले गई। वहां से फिर हरिद्वार और फिर हिमाचल प्रदेश ले गई। इसके बाद परिजनों ने फोन कर माही पर दबाव बनाया। दबाव डालने पर आरोपी माही उसे लेकर हरिद्वार आ गई। माही ने शहबान और शाकिर, आमिर और अजीम निवासी रसूलपुर, रुड़की की मदद से बेटी को घर के पास छोड़ गई। बेटी से बात की तो उसने बताया कि आरोपी माही उसे मुंबई में एक व्यक्ति के पास भेजने की बात कह रही थी। शिकायत पर पुलिस ने माही, शहबान, आमिर, अजीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।