घर में खेल रहे किशोर पर पड़ोसियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान बीचबचाव करने आई किशोर की दादी के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने आरोपी इंदल और उसके दो बेटों सुमित व काला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर कोतवाली के खड़ंजा कुतुबपुर गांव निवासी विकास कुमार ने पुलिस को शिकायत की। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त की शाम उसका 14 वर्षीय बेटा अपने चचेरे भाइयों के साथ आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी इंदल, काला व सुमित ने कुल्हाड़ी, गंडासे व डंडे से हमला कर दिया। इसमें किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर दादी बाहर आई तो उनपर भी हमला कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।