कलियर में भीख मांगते मिले जम्मू एवं कश्मीर के तीन किशोर
- फोटो : amarujala
कलियर में जम्मू एवं कश्मीर के रहने वाले तीन किशोर भीख मांगते मिले हैं। पुलिस ने उनसे भीख मंगवाने के आरोपी व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। खुफिया एजेंसी के अधिकारी तीनों किशोरों से पूछताछ कर रहे हैं। किशोर कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर से भागकर आए थे। स्थानीय पुलिस ने जम्मू-कश्मीर पुलिस को इस संबंध में सूचित कर दिया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम एवं छात्रों के परिजन उन्हें लेने के लिए कलियर आ रहे हैं।
कलियर पुलिस की मदद से खुफिया एजेंसी के अधिकारियों ने कलियर में भीख मांग रहे तीन किशोरों को पकड़ा है। साथ ही उस व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है जो उनसे भीख मंगवाने का काम कर रहा था। कलियर थाना पुलिस ने बताया कि तीनों किशोर जम्मू कश्मीर के रहने वाले हैं। दो किशोर जम्मू एवं कश्मीर के हटली और तीसरा जनाखा घनसाल क्षेत्र का रहनेवाला है। तीनों किशोरों ने बताया कि वह एक मदरसे में पढ़ते हैं। छह अगस्त को तीनों एक स्थान पर चोरी-छिपे बीड़ी आदि पी रहे थे। मदरसे के एक व्यक्ति ने उन्हें देख लिया। इस बात से घबराकर तीनों रेलवे स्टेशन पहुंचे और रुड़की आने वाली एक ट्रेन में बैठ गए। यहां से वे कलियर आ गए। यहां पर गयासुद्दीन निवासी मुरादाबाद ने तीनों को पकड़ लिया और डरा धमकाकर उनसेे भीख मंगवाने लगा। चार-पांच दिन पहले उन्हें कलियर में एक मोबाइल मिला उसमें सिम आदि भी था। उस मोबाइल से एक किशोर ने अपने परिजनों से बातचीत की और बताया कि वह लोग कलियर में हैं। पुलिस ने बताया कि किशोर के परिजनों ने मदरसे के प्रबंधक को यह बात बताई। प्रबंधक का एक परिचित बंदरजुड़ में रहता है। उसने उसे तीनों किशोरों के बारे में बताया। साथ ही देहरादून में एक अधिकारी को भी यह बात बताई जिसके चलते तीनों किशोरों की कलियर में तलाश की गई। रविवार को दो किशोर एक स्थान पर मिल गए जबकि तीसरा किशोर गयासुद्दीन के साथ मिला। पुलिस और खुफिया एजेंसी के लोग तीनों किशोरों से बातचीत कर रहे हैं। किशोरों के परिजनों और जम्मू कश्मीर की पुलिस को भी इस संबंध में जानकारी दे दी गई है।
...कहीं इसीलिए तो नहीं फैली अफवाह
कलियर क्षेत्र में तीन संदिग्धों के होने की बात पिछले एक सप्ताह से पुलिस और खुफिया विभाग की नींद उड़ाए हुए है। जम्मू कश्मीर के तीन किशोरों के मिलने से अब संभावना जताई जा रही है कि कहीं इन किशोरों को लेकर ही तो यह अफवाह नहीं फैली थी। हालांकि पुलिस अधिकारी इस संबंध में सीधे तौर पर कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं।