आईआईटी रुड़की के छात्र रोबोट फाइट के लिए रोबोट तैयार करते हुए
- फोटो : amarujala
आईआईटी में चल रहे तीन दिवसीय तकनीकी महोत्सव काग्निजेंस-2016 का रविवार को देश-विदेश में धूम मचा चुके डीजे कैंडिस रेडिंग की मस्ती और धमाल के साथ संपन्न हो गया। आखिरी दिन विभिन्न ज्ञानवर्धक गतिविधियों के तहत पैनल डिस्कशन, व्याख्यान एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इस दौरान मास्टर सेफ की तर्ज पर छात्रों ने नेशनल सिग्नेचर डिश प्रतियोगिता के तहत व्यंजन भी चखाए।
महोत्सव के अंतिम दिन संस्थान के सरस्वती ग्राउंड में जोहांसबर्ग के डीजे कैंडिस रेडिंग ने धूम मचाई। बड़ी संख्या में छात्रों ने नृत्य किया। जगह-जगह नाचते-गाते छात्र मदहोश नजर आए। अंतिम दिन दो दर्जन से अधिक तकनीकी गतिविधियों का आयोजन हुआ। सबसे ज्यादा आकर्षण नेशनल सिग्नेचर डिश नामक कार्यक्रम में देखने को मिला। जिसमें मास्टर सेेफ इंडिया की तर्ज पर भारतीय उपमहाद्वीप की विभिन्न क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद चखाया गया। सबसे स्वादिष्ट व्यंजन को चुनने का काम एनडी टीवी फूड पर चख ले इंडिया सीरीज के मेजबान आदित्य बल ने किया। इस प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र जुटे। इसके अलावा अन्य दिनों की ही तरह रोबोटिक प्रतियोगिताओं ने छात्रों में रोमांच पैदा किया। एलबीडो और जंक यार्ड कार्यक्रम के तहत तकनीकी विधा की मदद से वेस्ट सामानों का उपयोग करने के टिप्स दिए गए। इनोवेशन कार्यक्रम के तहत विभिन्न आइडिया को तकनीकी आधार प्रदान करने के मूलभूत सिद्धांतों के बारे में जानकारी दी गई।